पटना। राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरी छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि होटल को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के चलते सील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बेगूसराय निवासी छात्रा अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक परीक्षा देने पटना आई थी और दोनों महावीर कॉलोनी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। देर रात एक युवक नशे की हालत में जबरन कमरे में घुस गया और छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। घटना के समय छात्रा के पिता भी कमरे में मौजूद थे।

शोर मचाने पर होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची रूपसपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्येंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था।
प्रारंभिक जांच में होटल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जिससे घटना की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके अलावा सुरक्षा मानकों के पालन में भी गंभीर खामियां पाई गई हैं। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि होटल के अन्य कमरों में कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे थे, जिसकी भी जांच की जा रही है।

पश्चिमी पटना के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके साथियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, वहीं होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

