नूतनयुग इनसाइट्स संवाददाता, साहिबाबाद/गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या की हत्या के बाद दूसरे दिन भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। घटना के विरोध में कई बाजार बंद रहे, जबकि विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता क्षेत्र में पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हत्या से आक्रोशित परिजनों ने “खून के बदले खून” की मांग करते हुए आरोपियों के एनकाउंटर तथा उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। खोड़ा और आसपास के इलाकों में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
सूत्रों के अनुसार, घटना की शुरुआत एक बाइक को लेकर हुए विवाद से हुई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी असद ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी। मृतक सूर्या ने बाइक चलाने की इच्छा जताई, लेकिन बाइक देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि सूर्या पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के खोड़ा पहुंचने की सूचना पर पुलिस ने उन्हें एहतियातन घर में नजरबंद कर दिया।
दोपहर करीब दो बजे पोस्टमार्टम के बाद सूर्या का शव उसके घर पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनका आक्रोश शांत नहीं होगा।
इस संबंध में अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

