फरीदाबाद, हरियाणा। सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SDIET), ग्रेटर फरीदाबाद द्वारा डिविजनल रोजगार कार्यालय, फरीदाबाद एवं आरबी परफेक्ट मार्ट फाउंडेशन के सहयोग से 24 जुलाई 2026 को संस्थान परिसर में “मेगा जॉब फेयर 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़कर उन्हें बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराना तथा उद्योग एवं शिक्षा जगत के बीच समन्वय को मजबूत बनाना है।
इस मेगा जॉब फेयर में आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस एवं बीएफएसआई (बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस) क्षेत्र की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। यह आयोजन बीबीए, बी.कॉम., बी.टेक., एमसीए, सीएसई, आईटी, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के 2025 एवं 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
यह जॉब फेयर 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, ग्रेटर फरीदाबाद परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, साक्षात्कार में भाग लेने तथा रोजगार के अवसर प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार त्यागी ने कहा, “सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराना है। मेगा जॉब फेयर 2026 युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगा। हमें विश्वास है कि यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
वहीं प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री समर महापात्रा ने कहा, “मेगा जॉब फेयर 2026 विद्यार्थियों को एक ही मंच पर विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। 50 से अधिक कंपनियों की सहभागिता के साथ यह आयोजन युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराएगा। हम सभी पात्र उम्मीदवारों से आग्रह करते हैं कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने करियर को नई दिशा दें।”
सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 24 जुलाई को आयोजित होगा मेगा जॉब फेयर 2026

