क्राइम/सिटी डेस्क, फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-8 थाना क्षेत्र में शनिवार रात शराब के नशे में धुत एक महिला सड़क किनारे करीब एक घंटे तक बदहवास हालत में पड़ी रही। महिला इतनी अधिक शराब के नशे में थी कि वह खुद खड़े होने में भी असमर्थ थी। जब भी वह उठने की कोशिश करती, संतुलन बिगड़ने से बार-बार जमीन पर गिर जाती।
सड़क किनारे महिला को इस हालत में देख राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, काफी देर तक महिला के आसपास उसका कोई साथी या परिचित नजर नहीं आया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
एक घंटे बाद कार लेकर पहुंचा चालक, बताई यह वजह
करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद मौके पर एक व्यक्ति कार लेकर पहुंचा। उसने घटनास्थल पर मौजूद लोगों को शांत कराते हुए बताया कि महिला एनआईटी-5 (NIT-5) इलाके की रहने वाली है।
कार चालक ने दावा किया कि यह महिला उसकी मैडम की सहेली है। मैडम के कहने पर ही वह महिला को सुरक्षित घर वापस ले जाने के लिए यहां आया है। इसके बाद वह व्यक्ति महिला को सहारा देकर कार में बैठाया और अपने साथ ले गया।
घटना पर क्या बोली फरीदाबाद पुलिस?
मामला सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी सतर्क हो गई है। सेक्टर-8 थाना प्रभारी राजबीर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में महिला अत्यधिक शराब के नशे में पाई गई थी।
पुलिस का अनुमान है कि महिला आसपास आयोजित किसी पार्टी या कार्यक्रम से निकलकर आई थी और पैदल चलते-चलते वहां तक पहुंचकर बेसुध हो गई। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि महिला के साथ किसी तरह की मारपीट, अप्रिय घटना या बदसलूकी की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, महिला किन परिस्थितियों में वहां तक पहुंची, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

