संवाददाता प्रमोद कुमार जायसवाल दिल्ली द्वारका
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कथित तौर पर एक फाइनेंसर से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं मिलने पर उसकी हत्या की साजिश रचने के मामले में हरेंद्र नागर उर्फ KD को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी 9 सितंबर को मिली सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर रोहिणी सेक्टर-24 के नाले के पास से पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो अवैध पिस्टल और 14 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी दीपक के साथ मिलकर फाइनेंसर को धमकी देकर एक करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगने की बात बताई। रकम नहीं मिलने पर वह कथित तौर पर फाइनेंसर को खत्म करने के इरादे से दिल्ली आया था।
जांच में आरोपी का नाम अंबाला में 18 अगस्त को हुई करीब 1.5 किलो सोने की लूट के मामले में भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने इस वारदात में पांच अन्य साथियों के साथ शामिल होने की बात बताई है। आरोपी ने दीपक के भाऊ गैंग से जुड़े होने और हथियार उपलब्ध कराने की बात भी बताई है।
हरेंद्र के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले से चार मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की जांच जारी है

