क्राइम/सिटी डेस्क, दिल्ली: संवाददाता प्रमोद कुमार जायसवाल राजधानी दिल्ली के द्वारका जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से अदालत के ट्रायल से बच रही एक 41 वर्षीय घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) महिला को द्वारका जिला पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई आरोपी महिला की पहचान शालिनी शर्मा के रूप में हुई है, जो द्वारका सेक्टर-6 की रहने वाली है।
अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद से ही महिला पुलिस को चकमा देकर फरार चल रही थी, जिसे आखिरकार पालम इलाके से दबोच लिया गया।
2021 के मारपीट मामले में चल रही थी फरार (Dabri Police Station Case)
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शालिनी शर्मा के खिलाफ वर्ष 2021 में थाना डाबरी में एफआईआर नंबर 131/2021 दर्ज की गई थी। यह केस आईपीसी की धारा 323 (मारपीट), 354 (महिला की लज्जा भंग करना), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 (सामान्य आशय) के तहत दर्ज हुआ था।
मामले की सुनवाई के दौरान महिला लगातार अदालत में पेश होने से बच रही थी। इसके बाद 3 जून 2026 को द्वारका कोर्ट की जेएमएफसी (JMFC) शुबी गुप्ता की अदालत ने उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) करार दे दिया था।

पालम में जाल बिछाकर पुलिस ने दबोचा
द्वारका जिला पुलिस की एंटी-जेल बेल एवं प्रो-क्लेम्ड ऑफेंडर्स सेल (AOT/PO Cell) को 14 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि भगोड़ा घोषित होने के बावजूद शालिनी शर्मा पालम के दादा देव रोड के पास छिपकर रह रही है।
सूचना को सटीक पाते ही पुलिस टीम ने तुरंत पालम पहुंचकर इलाके में घेराबंदी की और जाल बिछाकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद डाबरी थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35.1(D) के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
DCP के निर्देशों पर हुई कार्रवाई
द्वारका पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शालिनी शर्मा का इससे पहले कोई अन्य आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
यह पूरी सफलता डीसीपी (Dwarka) कुशल पाल सिंह के निर्देशों पर, एसीपी (Operations) सुभाष मलिक की देखरेख और इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की मुस्तैदी से हासिल हुई है।

