HighLights:
- शादी समारोह के दौरान युवक की हत्या
- झाड़ियों में मिला 22 वर्षीय युवक का शव
- गला रेतकर हत्या की आशंका
- पुलिस जांच जारी, आरोपियों की तलाश
आज़मगढ़/ उत्तर प्रदेश/ संवाददाता शुभम कुमार रावत, उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह के दौरान एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना तहबरपुर थाना क्षेत्र के नसीरुद्दीनपुर गांव की है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय सूरज प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह सोमवार शाम को गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल हुआ था। इसी दौरान वह बाजार से पत्तल लेने गया और वापस लौटकर सामान देने के बाद पोखरे की ओर गया, लेकिन इसके बाद वह अचानक लापता हो गया।
जब देर रात तक सूरज घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन दोपहर में गांव के कुछ युवकों ने पोखरे के पास झाड़ियों में एक शव देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह सूरज प्रजापति का शव निकला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी चिराग जैन, सीओ अजय प्रताप सिंह और थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग इस क्रूर वारदात से स्तब्ध हैं।

