धीरेन्द्र नाथ शुक्ला ब्यूरो चीफ सिद्धार्थनगर। थाना लोटन पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर डीजल तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 50 लीटर डीजल तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद एवं क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे तस्करी विरोधी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार चिउरहिया स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नेपाल के रुपनदेही जनपद निवासी शिवचन लोध (21 वर्ष) और श्रीकेश हरिजन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बरामद डीजल और मोटरसाइकिल को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष लोटन हरिओम कुशवाहा, चौकी प्रभारी हरिवंशपुर राहुल गुप्ता, एसएसबी के निरीक्षक जितेंद्र कुमार सहित पुलिस और एसएसबी के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

