आज़मगढ़/ उत्तर प्रदेश /संवाददाता शुभम कुमार रावत | उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तहबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा से भरे 12 पैकेट, एक ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी अपनी टीम के साथ किशुनदासपुर अंडरपास के पास बैंक चेकिंग और संदिग्ध व्यक्ति तथा वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि निजामाबाद की तरफ से आने वाले एक ऑटो में अवैध सामान ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सरदहां चौहान बस्ती मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखकर ऑटो चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान धीरज साव पुत्र रामप्रताप साव निवासी शाहपुर थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर के रूप में बताई। वर्तमान में वह गांधी रोड, राउरकेला, उड़ीसा में रह रहा था।
क्षेत्राधिकारी सगड़ी-बूढ़नपुर Anil Kumar Verma की मौजूदगी में जब ऑटो की तलाशी ली गई तो उसमें से 12 पैकेटों में भरा 25 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से एक कीपैड मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से गांजा खरीदकर गोरखपुर में फुटकर बिक्री करता था और इसी धंधे से अपने परिवार का खर्च चलाता था।
थाना तहबरपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर को न्यायालय भेज दिया गया है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
18 पासपोर्ट के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार, बांग्लादेशी दस्तावेज भी बरामद

