पंजाब की भगवंत मान सरकार द्वारा शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम’ बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित हो रही है। पंजाब के पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने खुलासा किया है कि इस योजना के तहत अब तक 5,10,807 श्रद्धालु राज्य और राज्य के बाहर स्थित विभिन्न प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं।
95 एसी बसें, 12 हजार से ज्यादा चक्कर और मुफ्त सुविधाएं
योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं:
- बस सेवा: वर्तमान में 95 ए.सी. बसें चलाई जा रही हैं, जो अब तक 12,485 चक्कर पूरे कर चुकी हैं।
- मुफ्त यात्रा और भोजन: 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के योग्य पात्रों को ए.सी. स्लीपर बस से यात्रा, रहने के लिए वातानुकूलित आवास और भोजन की व्यवस्था बिल्कुल मुफ्त दी जा रही है।
- सुरक्षा व मेडिकल सपोर्ट: हर बस में सहायक कर्मचारियों के साथ मेडिकल स्टाफ की टीम तैनात की गई है।
- यादगार तोहफा: यात्रा पूरी होने पर श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ-साथ एक यादगार के रूप में पीतल का गिलास भेंट किया जा रहा है।
नए धार्मिक स्थलों का भी विस्तार
यह योजना 9 नवंबर 2025 को शुरू की गई थी। पहले चरण में लगभग 4 लाख लोगों ने श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और माता नैना देवी के दर्शन किए। योजना की सफलता को देखते हुए 12 अगस्त 2026 को इसका विस्तार किया गया, जिसमें अब श्री खाटू श्याम-सालासर बालाजी धाम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन को भी शामिल कर लिया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने साफ किया कि यह योजना हर वर्ग, जाति और धर्म के लोगों के लिए खुली है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के स्पष्ट निर्देश हैं कि बुजुर्गों को यात्रा के दौरान किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

