संवाददाता प्रमोद कुमार जायसवाल दिल्ली एनसीआर
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर और प्रीत विहार इलाके में फील्ड विजिट कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने लक्ष्मी नगर स्थित आशिता पार्क में पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल गश्त की और पुलिस की मौजूदगी, निवारक गश्त, रोशनी तथा सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
इस दौरान विशेष पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव, संयुक्त पुलिस आयुक्त ईस्टर्न रेंज मिलिंद महादेव डुंबेरे, पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार, प्रीत विहार के एसीपी तथा लक्ष्मी नगर, शकरपुर और प्रीत विहार थानों के एसएचओ समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कमिश्नर ने पार्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा और जमीन पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी बनाए रखने पर जोर दिया। इसके बाद वह प्रीत विहार स्थित वी3एस मॉल के पिंक बूथ पहुंचे और वहां तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर बूथ के संचालन व सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
कमिश्नर ने प्रभावी गश्त, पर्याप्त पुलिस मौजूदगी और शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर विशेष रूप से तेजी से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

