फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित एसआरएस रेजिडेंट्स सोसायटी में एक महिला ने 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान रिचा गोयल के रूप में हुई है, जो सी-4 टावर में अपने परिवार के साथ रहती थी। महिला लिफ्ट के जरिए सी-1 टावर की 13वीं मंजिल तक पहुंची थी। सोसायटी के गार्ड ने उसे जाते हुए देखा, लेकिन किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। इसके कुछ ही देर बाद महिला ने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त घर पर नहीं थे पति
रिचा गोयल के पति राहुल गोयल अदानी गैस कंपनी में मैनेजर हैं और घटना के समय आगरा स्थित अपने गांव गए हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद वह फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के चलते महिला द्वारा यह कदम उठाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

