दिल्ली में भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू के कारण बिजली की मांग तेजी से बढ़ रही है। राजधानी में पिछले कई दिनों से बिजली की खपत 8 हजार मेगावाट के आसपास बनी हुई है।
स्थिति यह है कि अब केवल दोपहर और रात ही नहीं, बल्कि सुबह के समय भी रिकॉर्ड स्तर पर बिजली की खपत दर्ज की जा रही है। बिजली वितरण कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि सुबह के समय तापमान अधिक रहने के कारण एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है।
Highlights
- दिल्ली में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही
- पिछले एक सप्ताह में 4 दिन 8000 मेगावाट से ऊपर रही डिमांड
- सुबह के समय भी 5000 मेगावाट से अधिक खपत दर्ज
- 25 मई को बिजली मांग 8439 मेगावाट तक पहुंची
- IMD ने 28 मई तक जारी किया येलो अलर्ट
- 44 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
सुबह भी बढ़ रही बिजली की खपत
बिजली वितरण कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। पहले जहां सुबह के समय बिजली की मांग लगभग 4500 मेगावाट रहती थी, वहीं अब यह बढ़कर 5000 मेगावाट से ऊपर पहुंच गई है। सोमवार को सुबह 7:55 बजे न्यूनतम बिजली मांग 5343 मेगावाट दर्ज की गई थी। वहीं मंगलवार को सुबह 7:38 बजे 5285 मेगावाट की मांग रिकॉर्ड की गई।
8439 मेगावाट तक पहुंची बिजली डिमांड
राजधानी में 25 मई को बिजली की अधिकतम मांग 8439 मेगावाट तक पहुंच गई, जो मई महीने में अब तक की सबसे अधिक मांग मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह गर्म बना रहा तो जून आने से पहले ही दिल्ली बिजली मांग का पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है। दिल्ली में अब तक बिजली मांग का सर्वकालिक रिकॉर्ड 19 जून 2024 को बना था, जब खपत 8656 मेगावाट तक पहुंच गई थी।
28 मई तक येलो अलर्ट जारी
India Meteorological Department ने दिल्ली में 28 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राजधानी में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। दिन के समय तेज धूप के साथ गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी गर्म हवाएं
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिनभर आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लू का असर और ज्यादा महसूस होगा। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

वायु गुणवत्ता भी खराब
भीषण गर्मी के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी चिंता बढ़ा रही है। राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) फिलहाल ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। गर्मी और प्रदूषण का यह दोहरा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी मरीजों के लिए ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है।
दिल्ली में लगातार बढ़ती गर्मी और लू का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सुबह से लेकर रात तक बिजली की रिकॉर्ड मांग दर्ज हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राहत के संकेत नहीं दिए हैं, ऐसे में बिजली खपत और तापमान दोनों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली में गहराया जल संकट: वजीराबाद और चंद्रावल प्लांट से कम हुई पानी सप्लाई, कई इलाके प्रभावित
