धीरेन्द्र नाथ शुक्ला ब्यूरो चीफ सिद्धार्थ, सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाना क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार बहन की आत्महत्या का बदला लेने के लिए एक युवक की गंडासे से हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया गंडासा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिवारी लोध (43), रमेश लोध (42) और आनंद लोध (20) निवासी दुल्हा सुमाली टोला पिपरहवा थाना मोहाना, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मुकेश गुप्ता के आनंद लोध की बहन उषा के साथ प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर अक्टूबर 2025 में उषा ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मुकेश गुप्ता घर छोड़कर नेपाल चला गया था और बाद में मुंबई में रहने लगा था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुकेश के वापस गांव आने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसकी हत्या की योजना बनाई। 16 जून की रात तीनों आरोपी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मुकेश की निगरानी की। रमेश लोध ने जानकारी दी कि मुकेश घर की छत पर अकेला सो रहा है। इसके बाद आनंद लोध और तिवारी लोध छत पर पहुंचे, जहां कथित तौर पर गंडासे से हमला कर मुकेश की हत्या कर दी गई, जबकि रमेश बाहर निगरानी करता रहा।
सिद्धार्थनगर पुलिस ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मगरहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी तिवारी लोध का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


