नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में आधी रात को सड़कों पर बेटियों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। साउथ दिल्ली के पॉश इलाके में दफ्तर से घर लौट रही एक 21 वर्षीय युवती के साथ बेखौफ मनचलों ने न सिर्फ अश्लील हरकतें कीं, बल्कि जब उसने भागने की कोशिश की तो बाइक से उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती सड़क पर करीब 150 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
आधी रात को दफ्तर से लौट रही थी युवती
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता साकेत स्थित एक दफ्तर में काम करती है। देर रात करीब 12 बजे जब वह काम खत्म करके स्कूटी से अपने घर की ओर निकल रही थी, तभी हौज खास से पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो सिरफिरे मनचलों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
कमेंट पास किए, पीछा किया और फिर दे मारी टक्कर
पीड़िता के अनुसार, बाइक सवार आरोपी उस पर भद्दे कमेंट्स और छींटाकशी कर रहे थे। खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए युवती ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से निकलने की कोशिश की। लेकिन बेखौफ बदमाशों ने हार नहीं मानी और पीछा करते हुए उसकी स्कूटी के समानांतर आ गए। इसके बाद आरोपियों ने जानबूझकर अपनी बाइक से उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही पीड़िता का संतुलन बिगड़ गया और वह पत्थरों व रोड़ियों से भरी सड़क पर गिर पड़ी। वह करीब 100 से 150 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दौरान उसके शरीर पर गहरे जख्म आए और काफी खून बहने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद आसपास के लोगों और पीसीआर की मदद से घायल युवती को अस्पताल पहुँचाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हौज खास थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के रास्तों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों और उनकी बाइक का सुराग लगाया जा सके। इस खौफनाक वारदात ने रात के समय राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

