फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राम बूढ़ेना स्थित श्री साईं धाम मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की। इस दौरान राष्ट्र की उन्नति और समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की गई।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाने के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपनी प्राथमिकता बनाया है। जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर पार्षद रूबी सरोज शीशराम अवाना, पार्षद लाल मिश्रा, पार्षद सुमंत चंदेल, मंडल अध्यक्ष मुकेश झा समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


