MSME एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2026 के लॉन्च कार्यक्रम में उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएँ
करनाल। हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में MSME सेक्टर को मजबूत करने, निवेश को बढ़ावा देने, निर्यात को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से हरियाणा प्रोग्रेसिव MSME एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2026 का लॉन्च कार्यक्रम करनाल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और प्रदेश के औद्योगिक विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान IMT Industries Association Faridabad (IIAF) के प्रधान प्रमोद राणा ने माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को मोमेंटो भेंट किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रमोद राणा का हाथ थामकर गर्मजोशी के साथ उनका अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री और प्रमोद राणा की यह आत्मीय मुलाकात कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रही।
नई पॉलिसी के माध्यम से प्रदेश के MSME सेक्टर को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने, उद्योगों के विस्तार एवं नए निवेश को बढ़ावा देने तथा हरियाणा को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
पॉलिसी में उद्योगों के लिए विभिन्न प्रोत्साहनों एवं सुविधाओं को सरल और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इसके साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम को और प्रभावी बनाने, सब्सिडी एवं इंसेंटिव की प्रक्रिया को सरल करने तथा विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगों को समान अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।
सरकार द्वारा उद्योगों में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने, टेस्टिंग लैब्स के लिए प्रोत्साहन बढ़ाने तथा औद्योगिक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
प्रमोद राणा ने कहा कि MSME एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2026 प्रदेश के उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल है। इससे विशेष रूप से MSME इकाइयों को अपने कारोबार का विस्तार करने, नई तकनीक अपनाने, निवेश आकर्षित करने और निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
प्रमोद राणा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार का उद्योग हितैषी नीतियों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि IMT Industries Association Faridabad प्रदेश के औद्योगिक विकास में सरकार के साथ मिलकर लगातार सकारात्मक भूमिका निभाता रहेगा। एसोसिएशन उद्योगों से जुड़े मुद्दों, सुझावों और आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखता रहेगा।
कार्यक्रम में डी.पी. यादव, चेयरमैन, IIAF तथा अमित खन्ना, ब्लॉक लीडर भी प्रमोद राणा के साथ उपस्थित रहे। दोनों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात के साक्षी बने।

