संवाददाता प्रमोद कुमार जायसवाल दिल्ली द्वारका
दिल्ली के जीबी रोड स्थित कोठा नंबर 58 में महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर कथित तौर पर देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का कमला मार्केट थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मानव तस्करी और शोषण के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि दो पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, पहली 26 वर्षीय महिला पश्चिम बंगाल से लापता थी। नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे दिल्ली लाया गया और आरोप है कि बाद में उसे कोठे पर बेच दिया गया। दूसरी 28 वर्षीय महिला को भी घरेलू काम का झांसा देकर जीबी रोड लाया गया। आरोप है कि विरोध करने पर उसके 8 वर्षीय बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
महिलाओं के बयान के आधार पर पुलिस ने गीता, मंजू और पारो खातून को गिरफ्तार किया है। तीनों पर मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कोठे से 55 हजार रुपये नकद, टोकन और रजिस्टर समेत अन्य सामान बरामद किया है। दूसरी पीड़िता के 8 वर्षीय बेटे को तलाशने के प्रयास जारी हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार तीनों महिलाएं 2025 में दर्ज मानव तस्करी के एक मामले में भी आरोपी रह चुकी हैं और उस मामले में अदालत से जमानत पर थीं।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पूरे गिरोह की भूमिका की जांच जारी है।
