नई दिल्ली। शुक्रवार को ‘काला हिरण’ फिल्म का पोस्टर जारी होने के बाद यह फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। मेकर्स ने पोस्टर के साथ घोषणा की थी कि फिल्म का टीजर जल्द ही दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। हालांकि, अब बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की लीगल टीम ने फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेज दिया है।
अमित जानी ने शेयर किया लीगल नोटिस
फिल्म निर्माता अमित जानी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से लीगल नोटिस भेजा गया है। उन्होंने नोटिस का स्क्रीनशॉट भी पोस्ट किया और आरोप लगाया कि सलमान खान फिल्म से जुड़े लोगों को नोटिस भेजकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
नाम और व्यक्तित्व के इस्तेमाल पर आपत्ति
शेयर किए गए नोटिस के अनुसार, सलमान खान ने फिल्म में उनके नाम, व्यक्तित्व और उनसे जुड़ी घटनाओं के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है। कानूनी टीम का कहना है कि इसके लिए उनकी कोई अनुमति नहीं ली गई है।
राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है मामला
नोटिस में यह भी कहा गया है कि काला हिरण शिकार से जुड़ा मामला अभी भी राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है। ऐसे में इस विषय पर आधारित फिल्म का निर्माण न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है और न्याय प्रशासन के कार्य में हस्तक्षेप माना जा सकता है।

कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर है फिल्म
मेकर्स के अनुसार, ‘काला हिरण’ एक कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर फिल्म है। इसमें सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच कथित दुश्मनी को सिनेमाई अंदाज में दिखाया गया है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में की गई है।
21 जून को रिलीज हो सकता है टीजर
फिल्म निर्माता 21 जून 2026 को ‘काला हिरण’ का टीजर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, लीगल नोटिस के बाद फिल्म को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है और आने वाले दिनों में इस मामले पर और कानूनी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

