बाहरी दिल्ली: भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर स्थित ईशू विहार की गली नंबर-1 में मंगलवार सुबह हुए जोरदार सिलिंडर विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि एक बहुमंजिला मकान पूरी तरह ढह गया और कुछ ही सेकंड में मलबे में तब्दील हो गया।
सुबह साढ़े नौ बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे जोरदार धमाका सुनाई दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 4 से 5 लोगों के घायल होने की सूचना है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और पीसीआर टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया
पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अब तक तीन लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि एक व्यक्ति अभी भी मलबे में दबा हुआ बताया जा रहा है, जिसकी तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
पांच दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी और पुलिस की संयुक्त टीम मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही है।
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह 9:37 बजे इमारत गिरने और लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद तत्काल बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया।

मलबे में मिले कई सिलिंडर
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह गैस सिलिंडर विस्फोट मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मलबे से अब तक आधा दर्जन से अधिक सिलिंडर बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इमारत में इतने अधिक सिलिंडर क्यों मौजूद थे।
जांच के आदेश
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद विशेषज्ञ टीम इमारत के ढहने और विस्फोट के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच करेगी।
