समस्तीपुर (बिहार): बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी और छेड़छाड़ का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि समस्तीपुर जिले से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आ गई है। जिला मुख्यालय के समीप कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर फोटो क्लिक करने रुकी एक युवती को मनचलों ने घेर लिया और उसके साथ सरेराह अभद्रता की।
आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ गाली-गलौज की और अनुचित व्यवहार करते हुए ‘बैड टच’ की वारदात को अंजाम दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार स्थानीय युवकों को हिरासत में ले लिया है।
सड़क पर फोटो ले रही थी युवती, तभी आ धमके मनचलें
स्थानीय जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अपने एक साथी के साथ बांध बाईपास मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान प्राकृतिक दृश्य देखकर दोनों सड़क किनारे रुक गए और फोटो खिंचवाने लगे। तभी वहां मौजूद कुछ स्थानीय युवकों ने उन्हें घेर लिया और पूछताछ के नाम पर कहासुनी शुरू कर दी।
देखते ही देखते युवकों ने मर्यादा की सीमाएं लांघ दीं। वायरल वीडियो में आरोपी युवक युवती से उसका नाम-पता पूछते हुए उससे गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, पीड़िता को जबरन खींचने और उसके साथ बैड टच करने का प्रयास भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, 4 आरोपी हिरासत में
बुधवार देर रात जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो के आधार पर मनचलों की शिनाख्त शुरू की।
कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने छापेमारी कर जगतसिंहपुर गांव निवासी चार युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए छानबीन जारी है।
जमुई की घटना के तुरंत बाद सामने आया नया मामला
गौरतलब है कि हाल ही में जमुई जिले में भी एक रास्ते से गुजर रहे नाबालिग लड़का-लड़की को रोककर बदसलूकी और मारपीट करने का वीडियो सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने कठोर रुख अपनाते हुए आरोपियों को जेल भेजा था।
जमुई मामले के तुरंत बाद समस्तीपुर में सामने आई इस घटना ने एक बार फिर राह चलती महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे उपद्रवियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि बिहार में मनचलों के हौसले पस्त किए जा सकें।

